यमन पर सऊदी अरब का अतिक्रमण जारी है। सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने राजधानी सनआ के कई आवासीय इलाक़ों पर बमबारी की जिसमें कम से कम 25 बेगुनाह नागरिक हताहत और दसियों अन्य घायल हुए।
सुरक्षा सूत्रों के हवाले यमनी न्यूज़ एजेंसी सबा के अनुसार, सऊदी युद्धक विमानों ने राजधानी सनआ के हसबा, सअवान और खेल के एक स्टेडियम पर बमबारी की। इन इलाक़ों में सऊदी अरब की बमबारी में कई आवासीय और एक सरकारी इमारत तबाह हो गयी।
सऊदी युद्धक विमानों ने इसी प्रकार सनआ में अलख़राफ़ी सैन्य छावनी पर कई बार हमले किए। इसी प्रकार पश्चिमी यमन के हज्जा प्रांत के बनी क़ैस इलाक़े में स्थित सीमेंट के एक कारख़ाने को हवाई हमले का निशाना बनाया गया।
दूसरी ओर यमनी सेना व स्वयंसेवी बल ने जवाबी कार्यवाही करते हुए रविवार को जीज़ान में सऊदी की क़मर सैन्य छावनी को अपने नियंत्रण में लिया। इस कार्यवाही के दौरान यमनी सैनिकों ने सऊदी सेना का अमरीका निर्मित एक टैंक, एक बक्तर बंद गाड़ी और बारूदी सुरंग साफ़ करने वाले उपकरण को तबाह कर दिया। सऊदी अरब के दक्षिणी भाग में यमनी सेना की व्यापक कार्यवाही में सऊदी सेना के अब तक बीस से ज़्यादा टैंक और बक्तरबंद गाड़ियां तबाह हो चुकी हैं।
अलआलम टी वी चैनल की रविवार की रिपोर्ट के अनुसार, यमनी सेना और स्वयंसेवी बल पर आधारित संयुक्त सेना, दक्षिणी सऊदी अरब के जीज़ान के कई इलाक़े में दाख़िल हो गयी और क़मर और ज़हीरा गावों तथा ख़ूबा के कई क्षेत्रों को अपने नियंत्रण में ले लिया। इस बीच एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, ज़ायोनी शासन, यमन पर हमले की योजना में संयुक्त अरब इमारात की सेना की मदद कर रहा है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, इस्राईल के एक युद्धक विमान के ज़रिए संयुक्त अरब इमारात के सैनिकों को बड़ी मात्रा में हल्के व भारी हथियार और वायरलेस सिस्टम पहुंचाया गया है। इसी प्रकार इस्राईल के सैन्य अधिकारी संयुक्त अरब इमारात के सैनिकों को शहर में लड़ने तथा छापामार लड़ाई की ट्रेनिंग दे रहे हैं।
दूसरी ओर यमन के रक्षा मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया कि संयुक्त सेना ने मआरिब प्रांत में सऊदी अरब के एक अपाची हेलीकॉप्टर को मार गिराया है। इस हेलीकॉप्टर को मआरिब के साफ़िर इलाक़े में गिराया गया।